शहर

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का फंडिंग एजेंट गिरफ्तार, राजस्थान CID की बड़ी कामयाबी, हो सकते हैं कई खुलासे

ISI Funding Agent Arrested: राजस्थान सीआईडी (इंटेलिजेंस) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए फंडिंग नेटवर्क चलाने वाले महाराष्ट्र निवासी रफीक चांद शेख को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Image

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रहा था फंडिंग एजें

Photo : Times Now Digital

ISI Funding Agent Arrested: राजस्थान पुलिस की सीआईडी (इंटेलिजेंस) शाखा ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए फंडिंग नेटवर्क संचालित करने वाले एक एजेंट को गिरफ्तार कर देश विरोधी गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपी जासूसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों तक आईएसआई की ओर से धनराशि पहुंचाने का काम करता था।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि सीआईडी (इंटेलिजेंस) राजस्थान (Rajasthan CID) द्वारा माह जनवरी 2026 में शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत दर्ज प्रकरण में जैसलमेर निवासी झबरा राम तथा असम के डिब्रूगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर एमटीएस पद पर कार्यरत सुमित कुमार को भारतीय सेना से संबंधित गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलरों तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

चार सालों से ISI के एक हैंडलर के संपर्क में था आरोपी

मामले की गहन जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों को आईएसआई की ओर से जासूसी के बदले धनराशि महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी रफीक चांद शेख पुत्र चांद मियां शेख (41) निवासी हरसुल जिला औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के माध्यम से भेजी गई थी। रिसर्च को आगे बढ़ाते हुए सीआईडी (इंटेलिजेंस) ने रफीक चांद शेख से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि वह पिछले लगभग चार वर्षों से आईएसआई के एक हैंडलर के संपर्क में था। सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े इस नेटवर्क के निर्देश पर उसने अपने नाम तथा अन्य व्यक्तियों के नाम से अलग-अलग बैंक खाते खुलवाकर जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों तक धनराशि पहुंचाई।

सीआईडी (इंटेलिजेंस) ने किया गिरफ्तार

जांच में यह प्रमाणित होने पर कि रफीक चांद शेख पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के फंडिंग एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था, सीआईडी (इंटेलिजेंस) राजस्थान ने 30 जून 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। सीआईडी (इंटेलिजेंस) के अनुसार प्रकरण में अनुसंधान जारी है तथा आईएसआई के इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस देश की सुरक्षा के विरुद्ध कार्य करने वाले तत्वों के खिलाफ सतत निगरानी रखते हुए ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रखे हुए है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें