शहर

बुधवार से शुरू होगा राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र, विपक्ष के तेवर पर सरकार की नजर

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है, जिसमें सरकार और विपक्ष के बीच बहस तेज होने की संभावना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में सत्तारूढ़ दल की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस सत्र को ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह सरकार का तीसरा बजट होगा।

Rajasthan CM Bhajan Lal Sharma (Photo: PTI)

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

Rajasthan Assembly Budget Session 2026: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र बुधवार से आरंभ होने जा रहा है। विपक्ष के तेवरों और उसकी तैयारियों को देखते हुए सत्तारूढ़ दल ने भी विधायक दल की बैठक बुलाने का निर्णय लिया। यह बैठक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होगी। इस संबंध में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा, जो कई मायनों में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा की परंपरा और इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है और यह सरकार का तीसरा बजट सत्र है।

सिर्फ कागजी घोषणाएं नहीं

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अब तक विधानसभा में पेश किए गए दोनों बजट ऐतिहासिक रहे हैं और उनकी घोषणाओं को जमीनी स्तर पर लागू भी किया गया है। ये केवल कागजी घोषणाएं नहीं रहीं, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर साफ दिखाई देता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी तीसरा बजट भी अपने आप में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होगा।

विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और राजस्थान की प्रगति में उसका योगदान भी उल्लेखनीय है। उन्होंने विपक्ष को सरकार की शक्ति बताते हुए भरोसा जताया कि प्रतिपक्ष के सभी सदस्य जनता के हित, प्रदेश के सर्वांगीण विकास और आमजन की भलाई से जुड़े विषयों को विधानसभा में रचनात्मक और सकारात्मक ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

कब होगा प्रदेश का बजट सदन में प्रस्तुत?

इस परिस्थिति में विधानसभा के भीतर तीखी बहस और टकराव की संभावना जताई जा रही है। आगामी 11 फरवरी को प्रदेश का बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार संभाग स्तर पर राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें कर जमीनी हालात की जानकारी और फीडबैक ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बार के बजट में आधारभूत ढांचे के विकास, नए रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दे सकती है।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article