शहर

राजस्थान में तेज रफ्तार बनी काल; अलग-अलग सड़क हादसों में पुलिस उपनिरीक्षक समेत 4 की मौत

राजस्थान में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ, जहां दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में कई लोग गंभीर रूप से I हुए। घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

राजस्थान में सड़क हादसों में पुलिस उपनिरीक्षक समेत 4 की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan News: राजस्थान में एक बार तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जिससे चार जिंदगियों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, राज्य में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पुलिस के एक उपनिरीक्षक (एसआई) समेत चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, भरतपुर जिले में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।

कब और कैसे हुआ हादसा?

पुलिस ने बताया कि, यह हादसा शुक्रवार रात गोपालगढ़ के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर भाई-बहन और नाबालिग लड़का सवार थे। चश्मदीदों ने बताया कि वाहन ने मोटरसाइकिल को कुछ मीटर तक घसीटा और हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

2 की हुई मौके पर मौत, एक ने तोड़ा अस्पताल में दम

जांच के अनुसार, मृतकों की पहचान नजाकत अली (28), उनकी बहन मुस्सी (38) और उनके बेटे मोनीस (15) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि तीनों अंधवारी गांव के पास रुके थे और मोटरसाइकिल से उतरने ही वाले थे कि कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। मुस्सी और मोनीस की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नजाकत ने अलवर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

करौली में पुलिस के उपनिरीक्षक की मौत

एक अन्य हादसे में करौली जिले के सपोटरा पुलिस थाने में तैनात उपनिरीक्षक हनुमान मीणा (55) की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर आंधी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नांगल बेला गांव के पास हुआ जब कार एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। इसमें दो कांस्टेबल और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए और उन्हें दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, संभवत: कार चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। हालांकि ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना भी हादसे की वजह हो सकता है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article