Bijapur Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जिसमें दोनों तरफ से हो रही गोलीबारी में दो जवान घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की भी संभावना है।
रुक-रुक कर जारी मुठभेड़
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गंगालूर क्षेत्र में डीआरजी के दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए सोमवार को रवाना किया गया था और दल के मंगलवार को क्षेत्र में पहुंचने के बाद से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है।
जवानों को मुठभेड़ में आई मामूली चोटें
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवानों को मामूली चोटें आई है। उन्होंने बताया कि दोनों घायल जवानों की हालत सामान्य है तथा वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है।
(इनपुट - भाषा)
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
