Nalanda Complexes in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए 34 नए नालंदा परिसर स्थापित कर रही है। ये परिसर केवल रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और रायगढ़ जैसे बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि सुदूर वनांचलों के सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, कुनकुरी, जशपुर, बलरामपुर और पेंड्रा जैसे क्षेत्रों में भी बनाए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 33 नालंदा परिसरों के लिए धनराशि स्वीकृत की है। वहीं रायगढ़ में सीएसआर फंड से 700 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य जारी है।
इसके लिए रायगढ़ नगर निगम और एनटीपीसी के बीच 42 करोड़ 56 लाख रुपए का करार हुआ है। यह प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर होगा। इन सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन्स से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई की सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। बीते दो वर्षों में विभाग ने नालंदा परिसरों के लिए कुल 237 करोड़ 57 लाख 95 हजार रुपए मंजूर किए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17 नगरीय निकायों में 18 परिसरों के लिए 125 करोड़ 88 लाख रुपए और वर्ष 2024-25 में 15 परिसरों के लिए 111 करोड़ 70 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 11 परिसरों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
पहली किस्त की धनराशि जारी
छत्तीसगढ़ सरकार ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के समर्थन के बाद 11 नगरीय निकायों में नालंदा परिसरों के निर्माण के लिए इस महीने कुल 19 करोड़ 14 लाख 87 हजार रुपए की पहली किस्त जारी की है। इस राशि में दुर्ग, राजनांदगांव और अंबिकापुर नगर निगम को प्रत्येक को 2 करोड़ 85 लाख 57 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा बलौदाबाजार, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा, कांकेर, जांजगीर नगर पालिका और कुनकुरी नगर पंचायत को प्रत्येक 1 करोड़ 10 लाख 37 हजार रुपए की पहली किस्त प्रदान की गई है। जशपुर नगर पालिका को भी नालंदा परिसर के निर्माण के लिए 2 करोड़ 85 लाख 57 हजार रुपए की राशि दी गई है।
500 सीट वाली नालंदा परिसरों का निर्माण
प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दस नगरीय निकायों में 500 सीटर और 22 शहरों में 250 सीटर क्षमता वाली लाइब्रेरी बनाई जाएंगी। दुर्ग, राजनांदगांव, अंबिकापुर, जगदलपुर, बिलासपुर, भिलाई नगर निगम और जशपुर, लोरमी तथा गरियाबंद नगर पालिका में 500-500 सीट वाली नालंदा परिसरों का निर्माण होगा। वहीं धमतरी, चिरमिरी नगर निगम, कवर्धा, जांजगीर-नैला, बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कांकेर, नारायणपुर, बलरामपुर, मुंगेली, खैरागढ़, सक्ती, पेंड्रा, सारंगढ़, सूरजपुर, बैकुंठपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा नगर पालिका तथा कुनकुरी, बसना और अंबागढ़-चौकी नगर पंचायत में 250-250 सीट की सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन बनाए जाएंगे।
400 युवाओं को परीक्षाओं में सफलता
राजधानी रायपुर में वर्तमान में तीन सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन संचालित हैं, जिनमें एक हजार सीटर नालंदा परिसर-सह-ऑक्सी रीडिंग जोन, 800 सीटर तक्षशिला सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-स्मार्ट रीडिंग जोन और 500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी शामिल हैं। पिछले पांच वर्षों में रायपुर के नालंदा परिसर से लगभग 400 युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है, जिससे उन्हें अच्छी नौकरियां मिलीं और वे प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पा सके। जल्द ही रायपुर में एक हजार सीटर और 500 सीटर की दो नई लाइब्रेरी बनाने का कार्य शुरू होगा, जिनके लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने क्रमशः 22 करोड़ 80 लाख रुपए और 11 करोड़ 28 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।
सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के नालंदा परिसर की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के हर क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। सुकमा से लेकर सूरजपुर और रायगढ़ से लेकर कवर्धा तक हर कोने में अत्याधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन स्थापित किए जा रहे हैं, जो केवल भवन नहीं बल्कि युवाओं के उज्जवल भविष्य की नींव हैं।
युवाओं के सपनों को पूरा करने की सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ये आधुनिक लाइब्रेरीज न केवल अध्ययन के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करेंगी, बल्कि उत्कृष्ट अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराएंगी। नालंदा परिसर राज्य के युवाओं की मेहनत को उनके लक्ष्यों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जहां वे पूरी लगन, समर्पण और फोकस के साथ अपने भविष्य को संवार सकेंगे।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
