Amrit Bharat Express : भारतीय रेलवे यात्रियों की सहूलियत के लिए लगातार हाई स्पीड और एक्सप्रेस ट्रेनों को लॉन्च कर रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद अब अमृत भारत ट्रेनों को बढ़ावा देने पर विचार किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड वित्त वर्ष 2024-25 में आम रेल यात्रियों के लिए कम से कम 50 अमृत भारत ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इस सभी ट्रेनों में स्लीपर कोच होंगे और इसकी स्पीड 130 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से रहेगी। अगर, औसत स्पीड की बात की जाए तो ये ट्रेनें राजधानी एक्सप्रेस से भी कम समय में सफर कराएंगी।
इस तकनीकि से बनी हैं अमृत भारत ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में दो अमृत भारत ट्रेनें आनंद विहार-अयोध्या और दिल्ली-दरभंगा के बीच संचालित हैं। क्रमवार तरीके से इनकी संख्या 52 तक करने की तैयारी है। दावा है कि भारतीय रेल में अमृत भारत ऐसी ट्रेनें हैं, जिसमें झटके महसूस नहीं होंगे क्योंकि इसे सेमी स्थायी कप्लर लगाकर बनाया गया है। यह एलएचबी तकनीकी का विकसित वर्जन है। हिंदुस्तान में छपी खबर के हवाले से पुल-पुश तकनीक होने के कारण अमृत भारत ट्रेनों की औसत रफ्तार राजधानी ट्रेनों की अपेक्षाकृत अधिक होगी, जिससे ये ट्रेनें राजधानी एक्सप्रेस से भी कम समय लेंगी, जबकि किराया राजधानी से कम होगा।
वंदे भारत जैसा स्पेस
उधर, अमृत भारत में टॉयलेट की डिजाइन वंदे भारत ट्रेन की तर्ज किया गया है। पूरी ट्रेन में बगैर प्लेटफार्म पर उतरे कोच के भीतर से आखिरी कोच तक पहुंचा जा सकता है। हालांकि, वर्तमान में नॉन एसी कोच में यह सुविधा नहीं मिल रही है। सामान रखने की जगह ऊंची और चौड़ी है। जनरल श्रेणी के कोच के बर्थ में भी कुशन लगाए गए हैं। खासकर, दिव्यांगों के लिए ट्रेन के आगे और पीछे विशेष प्रकार के एसएलआर कोच लगे हैं।
130KM / घंटा स्पीड
रेलवे अमृत भारत ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रतिघंटा रखने का फैसला लिया है। फिलहाल, इस रफ्तार पर राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत ट्रेनें ही चल रही हैं। मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रतिघंटा पर दौड़ती हैं। आगे-पीछे दो इंजन वाली अमृत भारत ट्रेन की औसत रफ्तार पुल-पुश तकनीक के चलते बढ़ती है। इसमें तेज गति से पिकअप और तेज गति से ट्रेनों को रोकना संभव हो पाता है। इससे उनकी औसत रफ्तार बढ़ जाती है। वहीं, मेल-एक्सप्रेस की अपेक्षा अमृत भारत ट्रेनों का किराया 15-17 फीसदी अधिक होगा। इसका इंजन वंदे भारत की तर्ज पर डिजाइन किया गया है, जोकि केसरिया रंग का होगा। जबकि इसके कोच की खिड़की के ऊपर और नीचे केसरिया रंग की पट्टी है।
