शहर

पटना के '10 सर्कुलर रोड' से हटी राजद की पहचान, राबड़ी देवी के बंगला से आज हटाया गया लालटेन, सुरक्षा भी घटी

10 Circular Road Patna: बिहार की राजनीति का बड़ा केंद्र रहा पटना का '10 सर्कुलर रोड' बंगला खाली हो रहा है। राबड़ी देवी के आवास छोड़ते ही मेन गेट से राजद का प्रतीक चिह्न 'लालटेन' भी हटा दिया गया है।

Image

पटना के '10 सर्कुलर रोड' से हटी राजद की पहचान, राबड़ी देवी के बंगला से आज हटाया गया लालटेन, सुरक्षा भी घटी

Rabri Devi Vacates Residence: बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा और चर्चित केंद्र रहा '10 सर्कुलर रोड' का सरकारी बंगला अब पूरी तरह बदल गया है। लगभग दो दशकों से बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का आशियाना रहे इस बंगले को खाली करने का काम जारी है। इस बदलाव की सबसे बड़ी और प्रतीकात्मक तस्वीर मंगलवार को तब सामने आई, जब बंगले के मेन गेट पर लगा हुआ 'लालटेन' हटा दिया गया।

यह लालटेन सिर्फ एक रोशनी का जरिया नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का आधिकारिक चुनाव चिह्न और इस आवास की सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान था। दशकों से लगे इस लालटेन के हटने के बाद 10 सर्कुलर रोड का यह मुख्य द्वार अब एक सामान्य दरवाजे की तरह दिखने लगा है।

समयसीमा खत्म होने से पहले शिफ्टिंग

भवन निर्माण विभाग द्वारा बंगला खाली करने की दी गई आखिरी समयसीमा समाप्त होने के साथ ही रविवार देर शाम से मजदूरों ने घर का सामान दूसरी जगह स्थानांतरित करना शुरू कर दिया था। घर की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी पूरी तरह हटा दिया गया है।

राजद के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'राबड़ी देवी का अधिकांश निजी सामान फिलहाल परिवार के पटना स्थित कौटिल्य नगर के निजी आवास में ले जाया जा रहा है। सरकार की तरफ से राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित मकान संख्या-39 आवंटित किया गया है।'

4 नोटिस के बाद खाली हुआ बंगला

गौरतलब है कि भवन निर्माण विभाग ने 27 मई को ही इस आलीशान बंगले का आवंटन राज्य के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम के नाम कर दिया था। इसके बाद विभाग द्वारा राबड़ी देवी और उनके परिवार को बंगला खाली करने के लिए बैक-टू-बैक चार नोटिस जारी किए गए थे। समयसीमा समाप्त होने के बाद अब यह सरकारी आवास औपचारिक रूप से नए मंत्री नंद किशोर राम को सौंप दिया जाएगा।

सुरक्षा घेरे पर भी चली कैंची

बंगला खाली कराने की इस प्रशासनिक कार्रवाई के साथ ही नीतीश सरकार ने लालू परिवार को एक और बड़ा झटका दिया है। राज्य सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के सुरक्षा घेरे को भी पहले के मुकाबले घटा दिया है। इस पूरे घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में एक बड़े पावर शिफ्ट (सत्ता के केंद्र के बदलने) के रूप में देखा जा रहा है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article