Morinda Stray Dog Attack Girl Death: पंजाब के रूपनगर (रोपड़) जिले के मोरिंडा शहर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के खूनी आतंक ने एक हंसती-खेलती 8 साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। दोपहर के सन्नाटे में करीब आधा दर्जन शिकारी आवारा कुत्तों ने सड़क पर अकेली जा रही बच्ची को घेर लिया और उसे इतनी बेरहमी से नोचा कि इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उसकी मौत हो गई।
यह दिल दहला देने वाली पूरी वारदात गली में लगे एक सीसीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि खूंखार कुत्ते मासूम बच्ची पर टूट पड़ते हैं और उसे जमीन पर घसीट-घसीट कर काट रहे हैं। बच्ची अपनी जान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दोपहर की सुनसान सड़क पर समय रहते कोई भी उसे बचाने बाहर नहीं आ सका।
घर से दूध लेने निकली थी मासूम
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्ची एक प्रवासी परिवार की थी, जो पिछले चार साल से मोरिंडा शहर के वार्ड नंबर-1 में रह रहा था। दोपहर के समय बच्ची अपने घर से पास के बाजार में दूध खरीदने के लिए निकली थी। गर्मी के कारण सड़कें पूरी तरह सुनसान थीं, जिसका फायदा उठाकर कुत्तों के झुंड ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
जब तक आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और कुत्तों को भगाया, तब तक बच्ची लहूलुहान होकर तड़प रही थी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बच्ची को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां घावों के गहरे इन्फेक्शन और अत्यधिक खून बहने के कारण मासूम ने दम तोड़ दिया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी सो रहा प्रशासन, लोगों में भारी आक्रोश
इस खौफनाक हादसे के बाद मोरिंडा के स्थानीय निवासियों में म्युनिसिपल कमेटी (नगर पालिका) और जिला प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक नया नहीं है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। माता-पिता अब अपने बच्चों को घर से बाहर अकेले भेजने में डर रहे हैं। इस मासूम की मौत का जिम्मेदार आखिर कौन है?
