पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) का कुनबा लगातार बड़ा होता जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) राजबीर घुम्मन की मौजूदगी में सोमवार को कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने 'झाड़ू' थाम लिया। वहीं दूसरी ओर, पार्टी ने केरल और असम विधानसभा चुनावों के लिए अपने 'स्टार प्रचारकों' की फौज भी उतार दी है।
विपक्ष में सेंधमारी
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी (OSD) राजवीर सिंह घुम्मन ने सोमवार को पंजाब की राजनीति में एक बड़ी हलचल पैदा कर दी। उनके नेतृत्व में करीब तीन दर्जन सरपंचों, पंचों और वरिष्ठ नेताओं ने अन्य दलों को छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले ली। पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष (SC विंग) साहिब सिंह छज्जलवड्डी और अमृतसर ग्रामीण की जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरबजीत कौर शामिल हैं। इन नेताओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जन कल्याण नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। इस अवसर पर पंजाब खादी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गगनदीप सिंह अहलुवालिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
केरल और असम चुनाव: स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने आगामी 9 अप्रैल को होने वाले केरल और असम विधानसभा चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस अभियान का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे। प्रमुख नेताओं में मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन और आतिशी शामिल हैं, जबकि पंजाब से संदीप पाठक, हरभजन सिंह और गुरमीत सिंह मीत हेयर प्रचार की कमान संभालेंगे। क्षेत्रीय स्तर पर केरल प्रभारी शैली ओबेरॉय, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, इसुदान गढ़वी और गोपाल इटालिया को जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि केरल और असम में एक ही चरण में मतदान होगा और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। वर्तमान में इन राज्यों में चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता लागू है।
