शहर

पटियाला में दिल दहला देने वाला हादसा, जुगाड़ रेहड़ी पर रखा सरिया शख्स के आर-पार निकला; हालत नाजुक

Patiala News: पंजाब के राजपुरा में बिना नंबर की जुगाड़ रेहड़ी पर लगा लोहे का सरिया बाइक सवार व्यक्ति के शरीर को चीरकर आर-पार निकल गया। गंभीर हालत में पीड़ित को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

सरिया समेत अस्पताल पहुंचा पीड़ित

Photo : Times Now Digital

Patiala: पटियाला जिले के राजपुरा क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सड़कों पर बिना नंबर और सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर लापरवाही से दौड़ रही 'जुगाड़ रेहड़ियों' के कारण एक व्यक्ति की जान पर बन आई है। एक रेहड़ी पर रखे लोहे के तीखे और भारी सरिए ने एक व्यक्ति के शरीर को चीर दिया, जिससे सरिया शरीर के आर-पार निकल गया। इस खौफनाक हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पीड़ित व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल में बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि उसके शरीर में लोहे का भारी सरिया धंसा हुआ है।

थोड़ी सी चूक से जा सकती थी जान

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ पीड़ित को राजपुरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान मरीज की नाजुक स्थिति और शरीर में धंसे सरिए को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, पीड़ित की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। गनीमत यह रही कि सरिया थोड़ा सा भी दूसरी तरफ नहीं खिसका, वरना पीड़ित की किडनी या लीवर पूरी तरह फट सकता था, जिससे मौके पर ही उसकी जान जा सकती थी।

अवैध 'जुगाड़ रेहड़ियों' पर उठ रहे गंभीर सवाल

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। सड़कों पर बिना किसी रजिस्ट्रेशन, फिटनेस सर्टिफिकेट और सुरक्षा मानकों के चल रही जुगाड़ रेहड़ियां लगातार हादसों का सबब बन रही हैं। ओवरलोड और लोहे के लंबे सरियों को बिना किसी रिफ्लेक्टर या सुरक्षा कप के ले जाने वाली ये रेहड़ियां हर समय राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से ऐसी अवैध रेहड़ियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!