शहर

पंजाब के पटियाला में पिटबुल का आंतक, दंपति पर 26 बार हमला; मालिक के खिलाफ एक्शन की तैयारी

Patiala Pitbull Attack: पंजाब के पटियाला में पिटबुल के हमले में एक दंपति बुरी तरह घायल हो गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने पिटबुल के मालिक के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Image

पटियाला में पिटबुल ने दंपति पर किया हमला

Photo : ANI

Patiala Pitbull Attack: पंजाब के पटियाला में बुधवार को पिटबुल कुत्ते के हमले में एक दंपति के घायल होने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि दंपति घुम्मण नगर इलाके में एक किराए का मकान देखने गए थे। जैसे ही मकान का दरवाजा खुला, अंदर से एक खूंखार पिटबुल बाहर आया और दंपति पर हमला कर दिया।

इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पिटबुल दंपति को लगभग तीन मिनट तक काटता रहा और दंपति चीखते-चिल्लाते रहे, जिसके बाद पड़ोसी लाठी डंडे लेकर उन्हें बचाए आए। दावा किया जा रहा है कि पिटबुल ने दंपति को 26 बार काटा है। पिटबुल के हमले में दंपति बुरी तरह से घायल हो गया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पिटबुल के मालिक के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पटियाला नगर निगम की कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने घटना को बेहद डरावना और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खूंखार नस्ल के कुत्तों को पालतू जानवर के रूप में रखना प्रतिबंधित है और इस संबंध में पहले ही अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहा है और कुत्ते के मालिक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम का हेल्थ विंग नियमित रूप से पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया संभाल रहा है। इस घटना के बाद विभाग और अधिक सतर्कता बरतेगा।

पीड़ित से सुनाई आपबीती

पीड़ित अंकित सभरवाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ किराए के लिए एक मकान देखने गए थे। उन्हें प्रॉपर्टी देखने के लिए बुलाया गया था। जैसे ही वे मौके पर पहुंचे, पालतू पिटबुल ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मेरे पूरे शरीर में टांके लगे हैं और मेरी पत्नी की सर्जरी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे इंसाफ दिलाया जाए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article