Punjab Congress Conflict: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में सबकुछ ठीक नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने रविवार को 'संडे विद वडिंग एंड वॉरियर्स' अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत, राजा वडिंग हर हफ्ते कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और लोगों की चिंताओं को समझने एवं बूथ स्तर पर संगठन का आकलन करने के लिए उनसे फीडबैक लेंगे।
संडे विद वडिंग एंड वॉरियर्स अभियान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वह 'संडे विद वडिंग एंड वॉरियर्स' कैंपेन के तहत हर रविवार पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से बातचीत करेंगे, उनके अनुभव सुनेंगे और जमीनी स्तर से नियमित फीडबैक लेंगे। राजा वडिंग ने एक बयान में कहा कि इस पहल का मकसद पंजाब कांग्रेस नेतृत्व और ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच लगातार एवं सीधा संपर्क बनाना और उनसे फ़ीडबैक लेना है।
हर बूथ होगा मजबूत
राजा वडिंग ने कहा कि इस पहल से यह सुनिश्चित होगा कि ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की आवाज़ पार्टी नेतृत्व तक पहुंचे और संगठन जमीनी हकीकत से जुड़ा रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए काफी पहले से तैयारी कर रही है और उसका ध्यान हर बूथ को मज़बूत करने, स्वयंसेवकों का एक मज़बूत नेटवर्क बनाने और यह सुनिश्चित करने पर होगा कि हर कार्यकर्ता राज्य में राजनीतिक बदलाव लाने के बड़े मिशन से जुड़ा हुआ महसूस करे।
कांग्रेस में अंतर्कलह जारी
कांग्रेस की पंजाब इकाई में पिछले कुछ महीनों से असंतोष के बादल छाए हुए हैं और भूपेश बघेल लगातार नेताओं को एकजुट रखने की कवायद में जुटे हुए हैं। हाल ही में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में एक बार फिर अंतर्कलह उभर कर सामने आ गई जब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारेबारी की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शशि थरूर की बयानबाजी से कांग्रेस में मचा बवाल, वेणुगोपाल ने सुनाई खरी-खरी; पार्टी नेताओं को भी दी नसीहत
इतना ही नहीं, पंजाब के कुछ हिस्सों में कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाते हुए पोस्टर भी लगाए गए थे। मुक्तसर में 'बघेल वापस जाओ' लिखे पोस्टर दिखाई दिए, जबकि फिरोजपुर में एक पोस्टर में चन्नी को एक बनियान पहने हुए दिखाया गया, जिस पर "आरएसएस" लिखा हुआ था।
कांग्रेस में अंतर्कलह उस समय उभरकर सामने आया, जब पार्टी ने राजा वडिंग को प्रदेशाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा, जबकि जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी की चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। हाल के दिनों में पार्टी के कार्यक्रमों के दौरान चन्नी के समर्थकों ने राजा वडिंग के खिलाफ नारेबाजी की है। हालांकि, राजा वडिंग ने साफ कर दिया कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
