पंजाब में आज का मौसम (02 Feb 2026): पंजाब में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का दौर बना हुआ है। पिछले 24 घंटो में कई जिलों में तेज हवाओं संग बारिश दर्ज की गई। राज्य में घने कोहरे की भी वापसी हो गई है। आज सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। जिससे विजिबिलिटी बुरी तरह प्रभावित हुई। बठिंडा में सुबह से ही दृश्यता शून्य दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज 11 जिलों कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है, वहीं 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
पंजाब में आज कहां-कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में आज सुबह के समय अमृतसर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला में घना कोहरा छाया रह सकता है। कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान भी जताया गया है। जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, रूपनगर, मोहाली, होशियारपुर, नवांशहर और कपूरथला शामिल हैं।
पंजाब में रात के तापमान में होगी गिरावट
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज पंजाब के गिने-चुने इलाकों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। जिसके बाद फिर से मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि सुबह के समय घने कोहरे का प्रभाव कई जिलों में बना रहेगा। आने वाले 3 दिनों में पंजाब में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। वहीं 5 फरवरी की रात उत्तर-पश्चिमी भारत में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। हालांकि इसके प्रभाव से पंजाब में बारिश या धुंध को लेकर कोई अलर्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है।
पंजाब का सबसे ठंडा जिला
पंजाब में रविवार को सबसे ठंडा जिला अमृतसर रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य में अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिलेगा, जिससे तापमान अब सामान्य के करीब आ पहुंचा है। रविवार को फरीदकोट, मानसा, पटियाला समेत कई जिलों में बारिश भी दर्ज की गई। जिनमें मानसा में 4.3 मिमी, रूपनगर में 0.5 मिमी, संगरूर में 0.4 मिमी, मोहाली में 0.8 मिमी, पटियाला में 0.3 मिमी और पठानकोट में भी 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
