शहर

हिमाचल में छिपा था पंजाब का गैंगस्टर, पुलिस ने ऐसे दबोचा; 8 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह और उसके सात साथियों को शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पंजाब की सीआईए और हिमाचल पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में हुई।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Punjab Gangster Arrest: एक बड़े ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से शनिवार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके सात साथियों को भी धर दबोचा है। यह कार्रवाई पंजाब की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) ने राज्य पुलिस के समन्वय से की है। पुलिस को आरोपियों के मणिकरण इलाके में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने मिलकर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दो दिन पहले मणिकरण पहुंचे थे आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान पंजाब के गैंगस्टर हरप्रीत सिंह और उसके साथियों राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंदर, कोमल और तलविंदर कौर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बृहस्पतिवार को मणिकरण पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और कुल्लू पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, हरप्रीत के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें से ताजा मामला 20 अप्रैल को दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के घर पर जबरन वसूली का प्रयास करते हुए गोलीबारी की थी। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदन लाल कौशल ने कहा कि यह सफल अभियान पंजाब और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर तालमेल का नतीजा है। उन्होंने कहा, "गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।"

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article