शहर

पंजाब में एक ही रात में दो धमाके, जालंधर स्कूटी ब्लास्ट के बाद अमृतसर आर्मी कैंप के बाहर धमाका; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब में एक ही रात जालंधर और अमृतसर में सैन्य ठिकानों के बाहर दो संदिग्ध धमाके हुए। जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में धमाका हुआ। वहीं अमृतसर में आर्मी कैंप के पास धमाका हुआ। दोनों मामलों में जांच जारी है, लेकिन अभी तक किसी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

Image

पंजाब में एक ही रात में दो धमाके

Photo : Times Now Digital

पंजाब में एक ही रात में सैन्य ठिकानों के बाहर दो संदिग्ध धमाकों के मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पहली घटना जालंधर में रात करीब 8:15 बजे सामने आई, जहां बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में तेज धमाका हुआ। जिसके बाद आग लग गई। पुलिस अभी इस मामले की जांच में जुटी ही थी कि कुछ ही घंटों बाद ही अमृतसर से एक और धमाके की खबर आ गई। जहां खासा इलाके में आर्मी कैंप के बाहर रात करीब 10:30 संदिग्ध धमाका हुआ। इन धमाकों में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच में जुटी हुई हैं। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और सेना की तैनाती की गई है।

जानकारी के अनुसार, अमृतसर के खासा आर्मी कैंट एरिया की बाउंड्री वॉल पर धमाका हुआ। इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से निकल आए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस धमाके को लेकर पंजाब पुलिस ने पुष्टि की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाहर से आर्मी कैंट की ओर विस्फोटक फेंका, जिससे यह धमाका हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जिसके बाद पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई और मामले जांच शुरू की गई।

हमले में ग्रेनेड के इस्तेमाल की आशंका

जांच के दौरान फॉरेंसिक टीमों को खासा आर्मी कैंट की बाउंड्री बॉल से कुछ लोहे के टिन जैसी सामग्री बरामद हुई है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि़ हमले में ग्रेनेड जैसे विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया है। धमाके के कारण कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीन शेड को नुकसान पहुंचा है, वहीं गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी हल्की क्षति पहुंची है।

दोनों घटनाओं में क्या है कनेक्शन?

हालांकि राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस के अनुसार बाइक पर सवार कुछ नकाबपोश लोग आए और विस्फोटक फेंककर मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटा रही है। वहीं जालंधर और अमृतसर की घटनाओं के बीच किसी तरह के संबंध की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मीडिया से दूरी बनाते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सारी जानकारी स्पष्ट रूप से सामने आएगी। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को बेहद संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरत रही हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article