शहर

पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बादशाह को बड़ी राहत; जांच में शामिल हुए रैपर, गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक

मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह को ‘टटीरी’ गाने से जुड़े विवाद में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हरियाणा पुलिस ने अदालत को बताया कि वह जांच में सहयोग कर चुके हैं, इसलिए फिलहाल उनकी गिरफ्तारी की जरूरत नहीं है। इसी बीच उनके खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Image

‘टटीरी’ विवाद में रैपर बादशाह को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी राहत

Badshah Tattiri Song Controversy: बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर और रैपर बादशाह को ‘टटीरी’ गाने से जुड़े मामले में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हरियाणा पुलिस ने अदालत को बताया कि बादशाह जांच में शामिल हो चुके हैं, इसलिए उनकी गिरफ्तारी की फिलहाल कोई जरूरत नहीं है। इसके साथ ही पुलिस ने उनके खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस भी वापस लेने की बात कही है। दरअसल, बादशाह ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस को रद्द करने और हरियाणा महिला आयोग द्वारा की जा रही सभी कार्रवाइयों पर रोक लगाने की मांग की थी। ‘टटीरी’ गाने को लेकर उनके खिलाफ हरियाणा में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। बताया जा रहा है कि बादशाह आज सुबह पंचकूला में पुलिस जांच में शामिल हुए थे, जहां से उन्हें जमानत भी मिल गई।

एनसीडब्ल्यू ने बादशाह और अन्य को किया तलब

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने गायक बादशाह सहित अन्य संबंधित लोगों को उनके गाने में कथित तौर पर अश्लील और अभद्र सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर तलब किया है। आयोग ने अपने बयान में कहा कि गाने की विषयवस्तु पहली नजर में आपत्तिजनक लगती है और यह भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकती है।

25 मार्च को आयोग के सामने पेश होने की मांग

आयोग ने अपने बयान में बताया कि उसने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ‘टटीरी’ गीत में कथित अश्लीलता और अभद्रता से जुड़ी खबरों पर स्वतः संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने यह भी जानकारी दी कि गीत के निर्देशक माही संधू और जोबन संधू के साथ-साथ निर्माता हितेन को 25 मार्च को आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। आयोग ने उन्हें संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

गाने के चलते बुरे फंसे बादशाह

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित लोग तय तारीख पर उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें मंच नाम बादशाह से जाना जाता है, इस महीने की शुरुआत में गाने के रिलीज होने के बाद विवादों में आ गए थे। गाने में कथित अश्लील बोल और आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है, जिसके चलते उनके खिलाफ पुलिस में आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

बादशाह ने मांगी थी माफी

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने शुक्रवार को रैपर बादशाह की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए थे। आयोग का कहना था कि वह म्यूजिक वीडियो में कथित आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के संबंध में निर्धारित समय सीमा से पहले पेश नहीं हुए थे। इस बीच बादशाह ने हाल ही में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने नए गाने से किसी की भावनाएं आहत होने पर खेद जताते हुए माफी मांगी।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें