Pune Crime News: पढ़ाई में कमजोर छात्र एग्जाम में पास होने के लिए हर नए तरीके अपनाते रहते हैं। एग्जाम की टेंशन में वह कब अपराधी बन जाते हैं, यह भी नहीं पता होता है। ऐसा ही एक मामला पुणे में सामने आया है, जहां एक युवक को एग्जाम रूम (Exam Room) में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया है। पुणे नगर निगम (PMC) में कनिष्ठ लिपिक के पद के लिए बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) की परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का इस्तेमाल करने पर 25 वर्षीय एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
उत्तमनगर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है, जिसकी पहचान औरंगाबाद जिले के पोलटगांव गांव निवासी पवन उत्तम के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने एक बाहरी शख्स को भी गिरफ्तार किया है जो एग्जाम के सवालों का जवाब देने में उसकी मदद कर रहा था।
