Delhi Cyber Crime: इंटरनेट से एक कोरियर कंपनी का नंबर लेकर फोन करना युवक को महंगा पड़ गया। जालसाजों ने युवक को अपने झांसे में लेकर 2.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला दर्ज कर जांच में जुटी नॉर्थ ईस्ट जिले की साइबर पुलिस ने इस ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के जामताड़ा से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन आरोपियों कि पहचान धनबाद निवासी अजहरुद्दीन, मुर्शीद अंसारी, अशफाक अंसारी और देवघर जिला निवासी असगर अंसारी के तौर पर की है। ये सभी 20 से 30 साल के युवक हैं। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने 7.90 लाख रुपये कैश, 2 पीओएस मशीन, 4 डेबिट कार्ड और 7 फोन चेक बुक बरामद किया है।
इस गिरोह की जानकारी देते हुए नॉर्थ ईस्ट डीसीपी संजय कुमार सैन ने बताया कि, राजेश कुमार शर्मा ने बीती 3 जुलाई को एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया था कि, उसने ऑनलाइन कुछ दवाइयों का ऑर्डर किया था, जो एक कोरियर सर्विस कंपनी के द्वारा भेजी जानी थी। लेकिन जब तय समय पर भी दवा नहीं पहुंची तो उसने इंटरनेट की मदद से कंपनी के नाम पर दिया गया एक नंबर हासिल किया। उस नंबर पर कॉल करने पर एक एप डाउनलोड करने को कहा गया। एप डाउनलोड करते ही उसके बैंक अकाउंट से आरोपियों ने 2.40 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कस्टमर सपोर्ट सर्विस के नाम पर करते थे ठगी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि, शिकायकर्ता के बैंक अकाउंट से निकाली गई रकम पांच अलग-अलग बैंक अकाउंट में भेजी गई हैं। एक अकाउंट को ट्रैक करते हुए पुलिस को आरोपी सिराज अंसारी के बारे में पता चला। पुलिस को एक एटीएम से पैसे निकालते हुए उसका सीसीटीवी फुटेज भी मिल गया। जिसके बाद पुलिस आरोपी अजहरुद्दीन तक पहुंची और इन दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ व निशानदेही पर बाकि आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, वे लोगों को कस्टमर सपोर्ट सर्विस का झांसा देकर क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड करवाते और फिर उसके मोबाइल को हैक करके बैंक अकाउंट को खाली कर देते। आरोपियों ने पूछताछ में कई अन्य ठगी का भी खुलासा किया है। ये आरोपी झारखंड से ही पूरी देश में ठगी करते थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
