Pune Crime News: ठगी और ब्लैकमेलिंग की कुछ घटनाएं लोगों की जान तक ले लेती हैं। बीते कुछ वक्त से इंटरनेट पर सेक्सटॉर्शन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए शातिर महिलाएं लोगों के संपर्क में आती हैं और उनसे अश्लील बातें कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर देती हैं। पिछले कुछ दिनों में सेक्सटॉर्शन के मामलों की वजह से कई लोग आत्महत्या कर अपनी जान गंवा चुके हैं। इससे जुड़ा एक और मामला सामने आया है, जहां 34 साल के एक शख्स ने सेक्सटॉर्शन से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है।
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा है कि पुणे में 34 वर्षीय एक व्यक्ति ने शनिवार को उस वक्त आत्महत्या कर ली जब सेक्सटॉर्शन का करने वाली दो महिलाओं ने उसको ब्लैकमेल किया। आरोपी महिलाओं ने व्यक्ति से पैसे वसूलने के लिए उसकी पत्नी के साथ उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करने की धमकी दी थी।
मृतक की पिछले साल हुई थी शादी
इससे परेशान होकर शख्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार शख्स एक निजी कंपनी में काम करता था और पुणे के पिंपरी-चिंचवड शहर का रहने वाला था। पुलिस को मृतक शख्स की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने दावा किया है कि दो महिलाएं उसे बार-बार फोन कर पैसों की मांग कर रही थीं। पुलिस के बताया है कि शख्स अपने घर में अकेला था, उसने 29 अक्टूबर की दोपहर को फांसी लगा कर खुद की जान ले ली। मामले पर वाकड़ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक सत्यवान माने ने कहा है कि शख्स की पिछले साल शादी हुई थी। सुसाइड नोट के अनुसार, महिलाओं ने पीड़ित पर पैसे और सोने के जेवर देने का दबाव बनाया।
घटना के बाद से बंद है फोन
ऐसे न करने पर महिलाओं ने उसे उसकी पत्नी की निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर करने की धमकी दी। पुलिस ने कहा है कि शख्स की पत्नी गर्भवती है और मुंबई में रहती है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी महिलाओं ने घटना के बाद मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर लिया है। पुलिस तकनीकी टीम उनके अंतिम स्थान का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वाकड़ थाने में दो महिलाओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
