देश

भारत-नेपाल द्विपक्षीय वार्ता: हैदराबाद हाउस पहुंचे पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, जानिए किन मुद्दों पर हो रही बात

India Nepal Bilateral Talks: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहा।

Image

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के लिए हैदराबाद हाउस में मुलाकात की

India Nepal Bilateral Talks: भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने आज प्रधानमंत्री से मुलाकात की। भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को हैदराबाद हाउस पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता में आर्थिक साझेदारी को नई गति देने के साथ-साथ रणनीतिक व जन-केंद्रित क्षेत्रों में आपसी तालमेल बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

किन-किन मुद्दों पर बात होगी बात?

चर्चा के दौरान व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास के माध्यम से आर्थिक सहयोग को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर रहने की संभावना है। दोनों देशों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास सहित पारस्परिक हित के कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान संपर्क (कनेक्टिविटी) और ऊर्जा सहयोग प्रमुख विषयों में शामिल हैं। सीमा पार सहयोग को विस्तार देने के प्रयासों के तहत दोनों पक्षों द्वारा इन क्षेत्रों में कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं के उद्घाटन और आगामी पहलों का शिलान्यास किए जाने की संभावना है।

व्यापार मंच और आधिकारिक भोज

सरकारी स्तर की बैठकों के अलावा इस यात्रा के दौरान 'नेपाल-भारत बिजनेस फोरम' का भी आयोजन होगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना है, जिसके लिए यह मंच दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को सहयोग के अवसर तलाशने और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

प्रधानमंत्री मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक भोज की मेजबानी भी करेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद हैं।

दोनों ने एक दूसरे को दिया गिफ्ट

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को त्रिवेणी के गंगाजल से भरा एक कलश भेंट किया, जबकि नेपाल के प्रधानमंत्री ने उन्हें पवित्र पशुपतिनाथ मंदिर से लाए गए रुद्राक्ष और चंदन उपहार में दिए।

राजघाट पहुंचे नेपाली पीएम

इससे पहले सोमवार सुबह नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अपनी राजकीय यात्रा के तहत राजघाट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और स्मारक परिसर में आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए। इससे पूर्व राष्ट्रपति भवन में पीएम शाह को औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, जहां प्रधानमंत्री मोदी भी उपस्थित थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article