MG Windsor EV की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए JSW MG Motor इस ईवी का मिडलाइफ अपडेट लाने की योजना बना रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नया मॉडल नए साल यानी 2027 में भारतीय बाजार में एंट्री ले सकता है। दरअसल, सितंबर 2024 में लॉन्च हुई इस इलेक्ट्रिक कार को ग्राहकों का बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कंपनी अभी तक इस ईवी की कुल 85,948 यूनिट की बिक्री कर चुकी है। इतना ही नहीं, इस साल जनवरी से लेकर सितंबर के बीच यह देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार के रूप में जानी गई। माना जा रहा है कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए मॉडल में पहले से बड़ी बैटरी मिल सकती है। इसके अलावा, डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं।
61kWh का मिल सकता है बैटरी पैक
अपकमिंग MG Windsor EV की सबसे बड़ी खासियत इसका नया बैटरी पैक हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इसमें 61kWh की बैटरी दे सकती है। इसे फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़े जाने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी पावर, टॉर्क और ड्राइविंग रेंज से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
फिलहाल Windsor EV दो बैटरी विकल्पों 38kWh और 52.9kWh में आती है। दोनों में इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 136bhp की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करती है। छोटी बैटरी वाला मॉडल एक बार फुल चार्ज करने पर 331 किलोमीटर की रेंज देता है। वहीं, 52.9kWh बैटरी वाले वेरिएंट की दावा की गई रेंज 449 किलोमीटर है।
चार्जिंग और फीचर्स में भी हो सकता है सुधार
मौजूदा Windsor EV Pro में 7.4kW AC और 60kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। AC चार्जर से बैटरी फुल चार्ज होने में करीब 9.5 घंटे लगते हैं, जबकि DC फास्ट चार्जर से 20 से 80 फीसदी चार्जिंग में लगभग 50 मिनट लगते हैं। नए मॉडल के एक्सटीरियर में हल्के बदलाव, नई सीट अपहोल्स्ट्री और बेहतर केबिन ट्रिम्स मिलने की उम्मीद है। फीचर्स की बात करें तो मौजूदा मॉडल में पैनोरमिक सनरूफ, 9-स्पीकर Infinity साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 360 डिग्री कैमरा, छह एयरबैग और वायरलेस Android Auto व Apple CarPlay जैसे फीचर्स मिलते हैं।
हालांकि, 2027 MG Windsor EV में कौन-कौन से नए फीचर्स शामिल होंगे, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है। इसकी कीमत और लॉन्च से जुड़ी जानकारी का भी इंतजार करना होगा।
