बिजनेस

लगातार गिरावट के बाद सोना-चांदी चमके, आज 3% की छलांग, क्या अब लौटेगी तेजी?

सोने और चांदी की कीमत में आज तेजी है लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह तेजी जारी रहेगी? क्या अब कीमतें कम नहीं होंगी?

Image

सोना-चांदी में उछाल

Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी में लगातार गिरावट का सिलसिला आज थम गया है। MCX पर गोल्ड का भाव 3,055 रुपये महंगा होकर 125,282 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं, चांदी की कीमत में भी 4,713 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी है। चांदी की कीमत एक बार फिर बढ़कर 152,799 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

इस तरह आज दोनों कीमती धातु की कीमत में करीब 3% की तेजी है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सोने-चांदी में गिरावट का दौर थम गया है और यहां से तेजी लौटेगी या फिर गिरावट देखने को मिलेगी? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो आइए बताते हैं कि आगे को लेकर क्या आउटलुक है।

सोने और चांदी में आज क्यों लौटी तेजी?

कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में भारी बिकवाली के बाद आज MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। ऐसा इसलिए हुआ है कि हालिया गिरावट के कारण दोनों धातुओं की कीमतें काफी नीचे आ गई थीं। ऐसे में निवेशकों ने कम कीमत पर खरीदारी शुरू की है। इसके अलावा, जिन ट्रेडर्स ने कीमतों में गिरावट का दांव लगाया था, उन्होंने भी अपनी पोजीशन बंद की। इसे शॉर्ट कवरिंग कहा जाता है। इन दोनों वजहों से सोने और चांदी की कीमतों में रिकवरी आई।

क्या यह तेजी अब जारी रहेगी?

जानकारों का मानना है कि अभी इस तेजी को लेकर बहुत उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। छोटी और मध्यम अवधि में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सोने और चांदी में तेजी का रुख तभी मजबूत माना जाएगा, जब इनकी कीमतें अपने अहम रेजिस्टेंस स्तरों के ऊपर बनी रहेंगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो फिर से बिकवाली बढ़ सकती है।

तकनीकी स्तरों की बात करें तो सोने के लिए 1,21,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट और 1,28,000 रुपये पर रेजिस्टेंस है। वहीं, चांदी के लिए 1,43,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर सपोर्ट और 1,67,000 रुपये पर रेजिस्टेंस है। यानी इन स्तरों पर कीमतों की चाल से ही आगे की तेजी या गिरावट का संकेत मिलेगा।

अमेरिकी फेड के फैसले पर नजर

सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि अभी दुनियाभर के निवेशकों की नजर अमेरिकी सेंट्रल बैंक के फैसले पर टिकी हुई है। अमेरिकी फेड महंगाई को काबू करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। भारत में महंगाई आरबीआई के लक्ष्य के पार पहुंच गया है। ऐसे में यहां भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की पूरी संभावना है। अगर अमरिकी फेड ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है तो सोने की कीमत पर एक और दबाब पड़ेगा और कीमतें और टूट सकती हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article