Pune News: पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के उषा किरण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के अंदर एक टाइमर लगा बम रखा पाया, जिसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, जल्द ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई। जिसके बाद इस बम को निष्क्रिय कर दिया गया। इस मामले की जांच कर रही ATS को एक ऐसे संदिग्ध की तलाश है, जो स्कूटी से आया था।
पुणे में कहां मिला बम?
पुणे के हडपसर इलाके में स्थित उषा किरण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर में यह बम मिला। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने रात में अस्पताल के बाहर पत्रकारों को बताया, "अस्पताल के अंदर एक कम क्षमता का बम बरामद हुआ। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और उसने सफलतापूर्वक बम को निष्क्रिय कर दिया। पुणे पुलिस, उनकी अपराध शाखा और आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) आतंकवाद सहित सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं।"
अस्पताल में बम है, ये कैसे पता चला?
दरअसल एक डॉक्टर की नजर बम पर गई, जिसपर एक टाइमर लगा था। डॉक्टर को समझते देर नहीं लगी कि संदिग्ध वस्तु बम हो सकती है। उसने फिर उसने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। बम अस्पताल परिसर के अंदर एक शौचालय के पास मिली थी। बम की खबर के बाद अस्पताल को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते के आने के बाद और बम के निष्क्रिय होने तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
CCTV से मिला संदिग्ध का सुराग
इस बम कांड की जांच में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है। CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद टोपी पहने हुए काले रंग की गाड़ी चलाते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। अभी तक पुलिस किसी आरोपी तक नहीं पहुंची है, इस मामले में कोई गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। मामले की जांच तेजी से जारी है।
