शहर

गुजरात में एयरपोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, आरोपी निकला बीकॉम पास और इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी

Gujarat Airport Bomb Threat: अहमदाबाद साइबर क्राइम ने एयरपोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी भावेश अमृतभाई पटेल को गिरफ्तार किया है।

Image

अहमदाबाद में एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Gujarat Airport Bomb Threat: गुजरात के अहमदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। अहमदाबाद साइबर क्राइम (Ahmedabad Cyber Crime) ने एयरपोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय भावेश अमृतभाई पटेल के रूप में हुई है। उसे अहमदाबाद शहर से ट्रेस कर पकड़ा गया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई थी।

25 मार्च 2026 को गुजसेल एयरपोर्ट अथॉरिटी को आया धमकी भरा ई-मेल

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने 25 मार्च 2026 को गुजसेल एयरपोर्ट अथॉरिटी को एक धमकी भरा ई-मेल भेजा था। यह मेल bhavesh4518@gmail.com आईडी से भेजा गया था। ई-मेल में आरोपी ने दावा किया था कि वह आईईडी के जरिए एयरपोर्ट को निशाना बनाएगा। उसने मेल में सौरभ विश्वास नाम के व्यक्ति को छोड़ने की मांग भी की थी। जानकारी के मुताबिक सौरभ विश्वास को करीब तीन महीने पहले अहमदाबाद साइबर क्राइम ने एक अन्य ई-मेल मामले में गिरफ्तार किया था।

आरोपी एयरपोर्ट पर मैनेजमेंट वर्कर के रूप में कर चुका काम

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि भावेश पटेल पहले एयरपोर्ट पर मैनेजमेंट वर्कर के रूप में काम कर चुका है। वह बी.कॉम तक पढ़ाई कर चुका है और फिलहाल कंस्ट्रक्शन और इवेंट मैनेजमेंट के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक उसकी एक महिला मित्र भी इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र में काम करती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच निजी विवाद चल रहा था। पुलिस इस विवाद को धमकी भरा ई-मेल भेजने की एक संभावित वजह मान रही है।

आरोपी ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

साइबर क्राइम टीम ने टेक्निकल एनालिसिस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से मोबाइल फोन और कई डिजिटल सबूत बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की, जिसमें रीसायकल बिन से धमकी वाला ई-मेल भी रिकवर हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उसने यह धमकी क्यों दी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। मामले की जांच अभी जारी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article