शहर

लोहागढ़ किले पर मौत का खेल! मंगेतर और उसके प्रेमी ने रची केतन की हत्या की साजिश, अब 29 जून तक पुलिस हिरासत में

महाराष्ट्र के पुणे में एक युवा रियल एस्टेट कारोबारी की मौत का मामला अचानक हत्या की सनसनीखेज साजिश में बदल गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस घटना को पहले हादसा माना जा रहा था, उसके पीछे कथित तौर पर सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया था। मामले में मृतक की मंगेतर और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Image

केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में कोर्ट का सख्त रुख (प्रतीकात्मक फोटो)

Pune Lohagad Fort Murder: महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को लोहागढ़ किले की खाई में उसे धक्का देकर उसकी हत्या करने और बाद में इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 18 जून की है। शुरुआत में इसे लोहागढ़ किले से पैर फिसलने के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा था लेकिन गहन जांच में यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली। वहीं अब इस मामले में पुणे की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने दोनों आरोपियों को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

लोहागढ़ किले के पास खाई से बरामद हुआ शव

पुणे जिले के गहुंजे निवासी 26 वर्षीय केतन अग्रवाल अपने पारिवारिक रियल एस्टेट कारोबार में निदेशक थे। उनका शव 18 जून को लोहागढ़ किले के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। तब पुलिस ने कहा था कि तेज हवाओं के बीच किले पर अपनी मंगेतर के साथ तस्वीरें खींचते समय केतन करीब 400 फुट गहरी खाई में गिर गए थे। केतन की मंगेतर सिया गोयल ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि किले में घूमने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। इसके आधार पर पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। केतन और सिया की शादी इसी वर्ष होने वाली थी। दोनों परिवारों ने विवाह की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं और राजस्थान के उदयपुर में एक महल तक बुक कर लिया गया था।

सिया नहीं करना चाहती थी केतन से शादी

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। उन्होंने कहा, "हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं से जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन बाबूलाल चौधरी (22) के साथ प्रेम संबंध था।" पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने तथा चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

लोहागढ़ किले पर ले जाना था प्लान का हिस्सा

अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर ले गई। बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। संदेह के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा ने सबसे पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने और सिया ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि चेतन से मिली जानकारी के आधार पर सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

केतन के पिता ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक गिल ने कहा, "केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।" पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच के लिए पड़ताल जारी है। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दुर्ग है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article