शहर

आर्थिक संकट से टूटा परिवार, पुणे में पति-पत्नी और बेटी ने दी जान; सुसाइड नोट बरामद

पुणे में एक दंपति और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से एक नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी का जिक्र है और किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।

Image

पुणे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां एक दंपति और उनकी 19 साल की बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगी बताई गई है और किसी को जिम्मेदार न ठहराने की भी बात लिखी गई है।

केरल का रहने वाला है परिवार

पुलिस के अनुसार, यह घटना पुणे के मोरवाड़ी इलाके की है। परिवार मूल रूप से केरल का रहने वाला था और पिछले तीन सालों से पुणे के पिंपरी इलाके में रह रहा था। मृतकों की पहचान विनोद पिल्लई (50), उनकी पत्नी श्रीजा पिल्लई (45) और बेटी पूर्णिमा पिल्लई के रूप में हुई है।

घर में बेहोश मिले तीनों लोग

मामले का खुलासा तब हुआ जब मोरवाड़ी के एक स्कूल में कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्यरत श्रीजा पिल्लई (45) काम पर नहीं पहुंचीं। सहकर्मियों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सहकर्मियों ने परिवार के रिश्तेदारों को सूचना दी। जब पास में रहने वाले रिश्तेदार घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर विनोद, श्रीजा और उनकी बेटी पूर्णिमा पिल्लई अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

अस्पताल में तीनों की मौत

तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शनिवार को इलाज के दौरान विनोद पिल्लई की मौत हो गई, जबकि श्रीजा पिल्लई और पूर्णिमा पिल्लई ने रविवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले नोट में आर्थिक परेशानी का जिक्र किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article