शहर

Pune News: ड्रेनेज टैंक बना मौत का कुंड! सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत

पुणे में रविवार शाम को ड्रेनेज टैंक में उतरने के बाद तीन मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टैंक में दम घुटने के कारण उनकी जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

टैंक में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत

Photo : Times Now Digital

Pune Drainage Tank Accident:पुणे के पुरंदर तालुका में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां ड्रेनेज टैंक में उतरने से तीन मजदूरों की दम घुटने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टैंक की सफाई के लिए उतरे एक मजदूर को बचाने के लिए दो अन्य मजदूर अंदर गए थे। लेकिन तीनों की ही दम घुटने से जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक के बाद एक तीन मजदूर टैंक में उतरे

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बेलसर गांव स्थित एक मशरूम उत्पादन कंपनी में शाम करीब करीब 4:30 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि सबसे पहले एक मजदूर गंदे पानी की निकासी लाइन की सफाई के लिए टैंक में उतरा था। लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो दूसरा मजदूर उसे देखने के लिए नीचे गया। जब वह भी वापस नहीं लौटा, तो तीसरा मजदूर मदद के लिए टैंक के अंदर गया। लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सका।

टैंक का स्लैब तोड़कर मजदूरों को निकाला

तीनों मजदूरों के टैंक के अंदर फंसे होने की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने अर्थमूवर से टैंक का स्लैब तोड़ दिया और तीनों मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। जिसके बाद उन्हें तुरंत जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस जमा होने के कारण मजदूरों का दम घुट गया। जिससे वे बेहोश हो गए। इसी कारण तीनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे। घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article