Umesh Pal murder case : उमेश पाल मर्डर केस में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई जारी है। शूटर अरबाज के बाद पुलिस ने विजय उर्फ उस्मान नाम के हमलावर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बताया जा रहा है कि उस्मान ने ही उमेश पर सबसे पहले फायरिंग की थी। इस एनकाउंटर के बारे में बताते हुए भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि 'पुलिस ने मुठभेड़ में शूटर उस्मान को मार गिराया है।' जबकि प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने बताया कि कौंधियारा पुलिस स्टेशन एरिया में हुए एनकाउंटर में विजय उर्फ उस्मान को मार गिराया गया है। उस्मान पर 50 हजार रुपए का इनाम था। मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हुआ है।
खुद को घिरा देख फायरिंग करने लगा उस्मान
पुलिस को देर रात करीब 4 बजे सूचना मिली कि उमेश पाल और उसके गनर पर सबसे पहले फायरिंग करने वाला उस्मान कौंधियारा इलाके में छिपा हुआ है। इस इनपुट पर क्राइम ब्रांच और प्रयागराज पुलिस ने इलाके में दबिश दी। पुलिस का शिकंजा कसता देख उस्मान उन पर गोलीबारी करने लगा। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी और इस मुठभेड़ में वह मारा गया। उमेश पाल मर्डर केस में पुलिस का यह दूसरा एनकाउंटर है।प्रयागराज में 24 फरवरी को हुई हत्या
इस मुठभेड़ पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा, 'पूज्य महाराज जी ने कहा था कि माफियाओं को वह मिट्टी में मिला देंगे। उमेश पाल और संदीप निषाद पर पहली गोली चलाने वाले दुर्दांत एवं फरार अपराधी उस्मान भी पुलिस मुठभेड़ में मार दिया गया है।' बता दें कि गत 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश और उनके गनर को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के तार माफिया अतीक अहमद गैंग से जुड़ा है। यूपी पुलिस एक-एक कर अती गिरोह से जुड़े और हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों पर नकेल कस रही है।
