शहर

MCD Mayor: दिल्ली को मिला नया मेयर, कौन हैं प्रवेश वाही? ऐसे रहे चुनाव के नतीजे

दिल्ली नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वाही ने मेयर चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर राजधानी की सत्ता में पार्टी की पकड़ मजबूत की। विश्व हिंदू परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले वाही अब नगर निगम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे।

Image

प्रवेश वाही बने दिल्ली के नए मेयर

Delhi New Mayor: दिल्ली नगर निगम में बुधवार, 29 अप्रैल को हुए मेयर चुनाव और मतगणना के बाद राजधानी को नया मेयर मिल गया। जानकारी के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वाही ने इस चुनाव में शानदार जीत हासिल की। प्रवेश वाही का राजनीतिक सफर विश्व हिंदू परिषद में खंड प्रमुख के रूप में शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने भाजपा पार्टी में मंडल अध्यक्ष के तौर पर और युवा मोर्चा में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। बता दें कि प्रवेश वाही 1980 के दशक से ही भाजपा और आरएसएस से जुड़े हुए हैं।

पहली बार वर्ष 2007 में पार्षद चुने गए थे

प्रवेश वाही पहली बार साल 2007 में पार्षद चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2012 में दोबारा जीत दर्ज की और फिर 2022 में रोहिणी वार्ड से निगम पार्षद बने। लंबे राजनीतिक अनुभव और पार्टी में सक्रिय भूमिका के चलते अब उन्हें दिल्ली नगर निगम की कमान सौंपी गई है। प्रवेश वाही को नगर निगम प्रशासन का लंबा अनुभव हासिल है।

निर्माण समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं

बता दें कि वह पहले निगम की निर्माण समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं और जोन चेयरमैन के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा पूर्वकालिक उत्तरी दिल्ली नगर निगम में साल 2016-17 के दौरान उन्होंने नगर निगम की सबसे अहम स्थायी समिति के अध्यक्ष पद की भी कमान संभाली थी।

भाजपा को मिले इतने वोट

दिल्ली नगर निगम के चुनाव के लिए कुल 165 वोट डाले गए। इनमें भाजपा को 156 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस के खाते में 9 वोट आए। दिल्ली नगर निगम में भाजपा के पास मेयर पद जीतने के लिए आवश्यक संख्या से अधिक समर्थन मौजूद था। वहीं कांग्रेस के पास केवल 9 पार्षद थे। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के पास कुल 105 वोटों का आंकड़ा था, जिसमें 100 पार्षद, 2 राज्यसभा सदस्य और 3 विधायक शामिल थे। इसके बावजूद पार्टी ने मेयर चुनाव में हिस्सा नहीं लिया और उसके पार्षद सदन से अनुपस्थित रहे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article