Policeman supended in Jhajjar: झज्जर में हरियाणा पुलिस के एडीजीपी एच.एस. दून के दौरे के दौरान एक पुलिस कर्मचारी को अनुशासनहीनता के आरोप में सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए हैं। मामला पुलिस लाइन निरीक्षण के दौरान सामने आया। एडीजीपी एच.एस. दून झज्जर पहुंचे थे, जहां उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करीब 250 पुलिस कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
सिंग को लेकर एडीजीपी ने कड़ी नाराजगी जताई
निरीक्षण के दौरान एक पुलिस कर्मचारी की ड्रेसिंग को लेकर एडीजीपी ने कड़ी नाराजगी जताई। जूती पहनने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मचारी को सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए। एडीजीपी ने मौके पर एसीपी को भी तलब किया। एसीपी के जवाब से असंतुष्ट होकर एडीजीपी ने एसीपी डॉ. प्रणव को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि, 'आप गजटेड अफसर हैं, ऐसे जवाब ठीक नहीं होते। आप किसी पशुपालन विभाग में नहीं हैं।'
कानून-व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए
एडीजीपी एच.एस. दून ने पुलिस कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि दंगा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में अनुशासन, ड्रेसिंग और व्यवहार में पूरी तरह प्रोफेशनल रहना बेहद जरूरी है। इसके बाद एडीजीपी ने पुलिस लाइन स्थित कमिश्नर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वर्दी पुलिस का गहना है-ADGP
इसके बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्दी पुलिस का गहना है और इससे समझौता अक्षम्य है। जिले की 'लॉ एंड ऑर्डर' कंपनियों को पूरी तरह प्रशिक्षित करने और उनकी संख्या दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए हैं। आगामी आयोजनों के मद्देनजर जिले के 'सीलिंग प्लान' और नाकेबंदी को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कल्याण और उनकी जायज जरूरतों का ध्यान रखने की हिदायत दी गई। साथ ही संकेत दिए कि हरियाणा के डीजीपी स्वयं जल्द ही सभी जिलों और कमिश्नरेट का जमीनी दौरा करेंगे। उन्होंने झज्जर कमिश्नर डा. राजश्री के नेतृत्व की सराहना की।
