शहर

कल कर्नाटक को ‘विवेक स्मारक’ और आंध्र को 17900 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे देंगे PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार 1 अगस्त को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर जाएंगे। आंध्र में वह भोगपुरम में एयरपोर्ट का उद्घाटन और सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास करेंगे। मैसूरु में ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आंध्र और कर्नाटक दौरे पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) कल यानी 1 अगस्त 2026 को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। पीएम यहां आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण सुविधा की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद कर्नाटक के मैसूरु में श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र ‘विवेक स्मारक’ का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 5640 करोड़ रुपये की लागत से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता करीब 60 लाख होगी। एयरपोर्ट के डिजाइन में आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और अराकू घाटी से प्रेरित वास्तुकला को शामिल किया गया है।

आधुनिक तकनीक से लैस होगा एयरपोर्ट

भोगपुरम एयरपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोमेट्रिक सुविधाएं, ऑटोमेटेड बैगेज सिस्टम, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशन्स सेंटर और इंटेलिजेंट ऑपरेशनल मॉनिटरिंग जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। एयरपोर्ट में 5 मेगावाट की सौर ऊर्जा क्षमता भी प्रस्तावित है।

सेमीकंडक्टर और सड़क परियोजनाओं पर जोर

प्रधानमंत्री यहां आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट (ASIP) की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना में 460 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश प्रस्तावित है। इसके अलावा कुरनूल-IV रिन्यूएबल एनर्जी जोन से जुड़े 4.5 गीगावाट क्षमता वाले ट्रांसमिशन सिस्टम और अन्य सौर-विंड परियोजनाओं का भी उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा।

पीएम मोदी 1880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें चार लेन वाले ग्रीनफील्ड हाईवे और हाई-लेवल ब्रिज जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

मैसूरु में ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन

दोपहर लगभग 3:30 बजे पीएम मैसूरु के श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे। लगभग 81,000 वर्ग फुट में विकसित यह केंद्र नवंबर 1892 में स्वामी विवेकानंद की मैसूरु यात्रा की याद से जुड़ा है।

केंद्र में युवाओं के लिए मूल्य-आधारित शिक्षा, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, ध्यान, योग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रधानमंत्री दोनों राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article