शहर

मोदी सरकार के 12 साल : राम मंदिर, 370, डिजिटल इंडिया और विकास; CM धामी ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ, जिससे करोड़ों लोगों की आस्था को सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

Image

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फोटो-@pushkardhami)

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के लिए ऐतिहासिक यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल जनकल्याण, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भी पूरे करेंगे। धामी ने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार जनता ने मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताकर विकास की राजनीति को समर्थन दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि मोदी सरकार में योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और डीबीटी के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ, जिससे करोड़ों लोगों की आस्था को सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है- धामी

राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का दायरा लगातार सिमट रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जहां प्रतिदिन 11 किलोमीटर सड़क बनती थी, वहीं आज 34 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हो रहा है। वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और आधुनिक रेलवे स्टेशन नए भारत की पहचान बन चुके हैं।

उत्तराखंड का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हैं। केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर से प्रदेश में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

धामी ने कहा कि अनुच्छेद-370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक, डिजिटल इंडिया, यूपीआई, जीएसटी, कोविड वैक्सीन निर्माण और मेक इन इंडिया जैसे फैसलों ने भारत को नई पहचान दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article