शहर

PM Modi's 12 Years: CM मोहन यादव बोले - लोगों के जीवन में नया सवेरा लाए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके नेतृत्व, गरीब कल्याण, सुशासन, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत के विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम ने हमेशा राष्ट्रहित में काम किया है।

Image

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके कार्यकाल को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम दौर बताया। उन्होंने कहा कि साल 2014 में देशवासियों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना था, लेकिन उन्होंने स्वयं को हमेशा ‘प्रधानसेवक’ माना और उसी भावना के साथ राष्ट्रहित में काम किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की सेवा को ईश्वर की सेवा मानते हुए शासन और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ उन्होंने समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी सामाजिक कुरीति से मुक्ति मिली, जिससे उनके आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा हुई। वहीं कोविड-19 महामारी के दौरान करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और नि:शुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराकर सरकार ने संवेदनशील और प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। भारत ने कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी सशक्त किया।

सीएम यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, स्वनिधि योजना, सुरक्षा बीमा योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। डिजिटल इंडिया और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी पहलों ने पारदर्शिता बढ़ाई है और लाभार्थियों तक सीधे सहायता पहुंचाई गई है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत बड़े पैमाने पर शौचालय निर्माण और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनभागीदारी और सुशासन के बल पर भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और उभरती हुई महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article