Mansa Devi Stampede: उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह एक अप्रिय घटना घट गई। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक मंदिर मार्ग की सीढ़ियों पर भगदड़ मच गई, जिसमें छह लोगों की जान चली गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। काफी समय तक पुलिस और मेडिकल टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। प्रशासन के मुताबिक, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम घटनास्थल पर खोज और बचाव का कार्य कर रही है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार घटनास्थल से भीड़ को हटा दिया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
घायलों का इलाज जारी
भगदड़ के बाद प्रशासन ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। उत्तराखंड के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार सुमन ने एक पत्र जारी कर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। इसमें बताया गया कि 27 जुलाई को सुबह लगभग 9:00 बजे जनपद हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, SDRF, NDRF की टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस घटना में 6 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। घटना में 5 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। साथ ही 23 अन्य सामान्य घायल हैं, जिनमें 20 व्यक्तियों का उपचार हरमिलाप मिशन राजकीय चिकित्सालय, हरिद्वार में किया जा रहा है। इसके अलावा, 3 अन्य घायलों का उपचार मेला अस्पताल हरिद्वार में किया जा रहा है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
पत्र में आगे बताया गया, "SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल पर खोज एवं बचाव का कार्य कर रही हैं। घटनास्थल से भीड़ को हटा दिया गया है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही घटना की जानकारी के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार में स्थापित 01334-223999, 9068197350, 9528250926 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून में स्थापित हेल्पलाइन नंबर 0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404 पर संपर्क किया जा सकता है।"
प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच का आश्वासन दिया और दुख जताते हुए मृतक के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने नरेंद्र मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। ईश्वर करे कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, "हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के मार्ग में भगदड़ की दुर्घटना में अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।"
मुआवजे की हुई घोषणा
इससे पहले, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, "हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
उन्होंने आगे लिखा, "प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।"
