शहर

'बेअदबी' वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री मान नहीं...आम आदमी पार्टी का बयान आया सामने

Punjab CM News: बेअदबी वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि कोई और है। ऐसा सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा।

Image

'बेअदबी' वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री मान नहीं...आम आदमी पार्टी का बयान आया सामने (AAP/X)

Akali Dal Bhagwant Mann News: पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दो प्रयोगशालाओं की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से पता चला है कि कथित बेअदबी वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि कोई और है। इसी वीडियो को लेकर अकाल तख्त ने मान को 'गुरु-द्रोही' घोषित किया था।

राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने चंडीगढ़ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर आरोप लगाया कि बेअदबी विरोधी कानून बनाने के लिए बातचीत शुरू होने के बाद से ही वह मान को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। अकाल तख्त ने सोमवार को इस वीडियो को लेकर मान को 'गुरु दोखी' (गुरु द्रोही) और 'खालसा पंथ विरोधी' घोषित किया था।

जत्थेदार ज्ञानी का दावा

इस आदेश से पहले अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने दावा किया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को दो फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं ने 'असली' पाया है। वीडियो में कथित तौर पर मान से मिलता-जुलता एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है।

जत्थेदार ने कहा था कि वीडियो से न तो छेड़छाड़ की गई और न ही इसे कृत्रिम मेधा (AI) की मदद से बनाया गया। मान ने वीडियो को खारिज करते हुए इसे उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया दुष्प्रचार बताया था।

चीमा ने शिअद पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 'साजिश रचने में माहिर' है। मंत्री ने कहा, 'जब से बेअदबी विरोधी कानून लागू करने के लिए बातचीत शुरू हुई है, तभी से भगवंत मान को निशाना बनाया जा रहा है। कोई न कोई साजिश रची जा रही है।'

चीमा ने दो फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट पेश करते हुए दावा किया कि कथित बेअदबी वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मान नहीं है। उन्होंने कहा, 'इन दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में चेहरे की पहचान, मान के कद, शारीरिक मुद्रा, चलने और खड़े होने के ढंग समेत 1,191 अलग-अलग कोण का गहन विश्लेषण किया गया है।'

चीमा ने कहा, 'इससे पता चलता है कि फर्जी वीडियो में दिख रहा व्यक्ति भगवंत मान से मेल नहीं खाता।' उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो मान को बदनाम करने के लिए किसी अभिनेता की मदद से बनाया गया।

चीमा ने कहा कि दोनों प्रयोगशालाएं स्वतंत्र हैं, पंजाब के बाहर स्थित हैं और भारत सरकार से मान्यता प्राप्त हैं। 'आप' नेता बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मुलाकात कर इस पूरी 'साजिश' में शामिल लोगों का पर्दाफाश करने के लिए जांच की मांग करेगा।

क्या है मामला?

यह मामला इस वर्ष जनवरी में अकाल तख्त द्वारा मान को तलब किए जाने से जुड़ा है। मान पर 'गुरु की गोलक' को लेकर कथित टिप्पणी करने और एक कथित वीडियो में सिख गुरुओं तथा मारे गए चरमपंथी जरनैल सिंह भिंडरांवाले की तस्वीरों के साथ 'आपत्तिजनक गतिविधियां' करने का आरोप था। अकाल तख्त द्वारा मान के खिलाफ आदेश जारी किए जाने के बाद से विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article