शहर

पटना में सूर्या डॉन का एनकाउंटर; गायघाट के पास STF से हुई मुठभेड़, 2 दर्जन मामलों में है आरोपी

बिहार की राजधानी पटना में STF और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या डॉन को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गायघाट के पास हुई इस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी है। सूर्या डॉन पर डकैती और हथियार तस्करी समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

Image

आरोपी की फाइल फोटो और वारदात में इस्तेमाल हथियार

Photo : Times Now Digital

Patna Encounter: पटना पुलिस ने राजधानी में आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या डॉन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट इलाके में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गायघाट के पास हुई मुठभेड़

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या डॉन किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से गायघाट स्थित गंगा किनारे घूम रहा है। इस सूचना पर आलमगंज थाना पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही सूर्या डॉन ने पकड़े जाने के डर से फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी फायरिंग में घायल हुआ अपराधी

पुलिस टीम ने पहले अपराधी को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसकी ओर से लगातार हो रही फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी नियंत्रित फायरिंग की। इस दौरान एक गोली सूर्या डॉन के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया है।

दो दर्जन से अधिक मामले हैं दर्ज

पुलिस के अनुसार, राजीव उर्फ सूर्या डॉन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पटना और आसपास के इलाकों में लूटपाट, डकैती, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लगभग 24 (दो दर्जन) मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश कर रही थी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article