बिहार में नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज ने तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पता नहीं ये भ्रम की स्थिति क्यों हैं, जबकि नीतीश कुमार ही बिहार के सीएम होंगे, ये तय है। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अटकलों को खारिज करते हुए मंगलवार को विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत के बाद नीतीश कुमार अपने पद पर बने रहेंगे।
प्रक्रिया के बाद सीएम बनेंगे नीतीश
केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने आश्चर्य जताया कि मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कोई ‘‘भ्रम’’ क्यों है। उन्होंने हालांकि कहा कि हर पार्टी की अपनी प्रक्रिया होती है और राजग भी बिहार के मुख्यमंत्री को चुनने के लिए बैठकें करेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पता नहीं ये क्यों भ्रम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़े। आगे भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन उसकी प्रक्रिया है।’’
नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे- गिरिराज सिंह
उन्होंने कहा कि भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (जद-यू)विधायक दल की अलग-अलग बैठक होगी, जिसके बाद राजग की संयुक्त बैठक होगी।
सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजग की बैठक में सभी लोग मिलकर नेता का फैसला करेंगे। और मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे।’’
नीतीश कुमार कब देंगे इस्तीफा
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की निवर्तमान सरकार की सोमवार को हुई आखिरी कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधानसभा भंग करने की सिफारिश करने के लिए ‘अधिकृत किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस आशय का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह बैठक 10 मिनट तक जारी रही। एक सूत्र ने बताया, ‘‘बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उन्हें कैबिनेट के फैसले से अवगत कराया। कुमार 19 नवंबर को निवर्तमान सरकार के मुखिया के तौर पर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।’’
