पटना

पटना मेयर के घर पहुंची पुलिस, बैठक में झड़प के बाद बेटे शिशिर की हो रही तलाश

पटना पुलिस की टीम सीता साहू के बेटे की तलाश में मेयर के निवास पर पहुंची है। यह घटना पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के महाराजगंज में हुई, जहां पटना की मेयर सीता साहू का घर स्थित है। पुलिस के बड़ी संख्या में मेयर के घर पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

Image

पटना मेयर के बेटे को खोजने घर पहुंची पुलिस (सांकेतिक तस्वीर|Canva)

Patna News: पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू के घर कई थानों की पुलिस ने दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मेयर के बेटे शिशिर साहू की तलाश में की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में मेयर समर्थक मौके पर जुट गए और पुलिस को रोकने की कोशिश की।

घर के बाहर जुटे समर्थक

घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के महाराजगंज की है, जहां सीता साहू का आवास स्थित है। पुलिस टीम के पहुंचते ही मेयर के समर्थक घर के बाहर जमा हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण भी हो गया। सामने आई तस्वीरों में देखा गया कि कई लोग पुलिस की गाड़ी के सामने खड़े होकर नारेबाजी कर रहे थे।

नगर निगम बैठक में हुआ था विवाद

गौरतलब है कि हाल ही में पटना नगर निगम की बैठक के दौरान जमकर बवाल हुआ था। आरोप है कि इस बैठक में मेयर के बेटे शिशिर साहू और पूर्व मेयर के बीच झड़प हो गई थी। इस मामले में गांधी मैदान थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था।

बैठक में शामिल होने को लेकर उठे सवाल

शिशिर नगर निगम के पार्षद नहीं हैं, इसके बावजूद उनके बैठक में मौजूद रहने को लेकर सवाल खड़े हुए थे। पूर्व मेयर ने इस संबंध में डीएम को पत्र लिखकर शिशिर के नगर निगम की बैठकों में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की थी। साथ ही बैठक में बाउंसरों और हथियारों की जांच की भी अपील की गई थी।

पुलिस की कार्रवाई पर सस्पेंस

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पुलिस शिशिर की तलाश किस मामले में कर रही थी। नगर निगम बैठक में हुई झड़प के मामले में या किसी अन्य वजह से। फिलहाल पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पटना में मेयर के घर पुलिस दबिश की यह घटना नगर निगम और प्रशासन के बीच जारी तनातनी को और तूल देने वाली मानी जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article