पटना

Patna News: गंगा में मस्ती पड़ी भारी, नदी में डूबने से दो छात्रों की मौत; परिवार में मचा कोहराम

Patna News Today (पटना की खबर): पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में दसवीं के दो छात्र अपने दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गए थे। इस दौरान गहराई में जाने के कारण दोनों तेज धार में बह गए। जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

गंगा में डूबे दो छात्र

Patna News: पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां दो स्कूली छात्र गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों छात्र स्कूल से लौटने के बाद अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन बच्चों की जान नहीं बच सकी। मौके पर मौजूद आलमगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। इस घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

नहाने के दौरान गहराई में जाने से बहे छात्र

दोनों बच्चे दसवीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान अगमकुआं थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी इलाके के रहने वाले 15 वर्षीय साहिल कुमार उर्फ शैल कुमार और 15 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद भद्र घाट नहाने के लिए आए थे। उनके चार-पांच दोस्त भी साथ में नहाने के लिए आए थे। वे लोग नदी में नहाने के दौरान गंगा की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए, जिस कारण साहिल और करण तेज धार में बह गए।

इलाज के दौरान बच्चों की मौत

घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दोनों स्कूली बच्चों को बरामद किए जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article