पटना

दूध लेने निकली मासूम का मिला शव, पटना में 10 साल की बच्ची की हत्या से मचा हड़कंप, इलाके में दहशत का माहौल

Patna Murder Case: पटना के बाईपास थाना क्षेत्र के सती चौड़ा इलाके में 10 साल की स्कूली छात्रा रौशनी कुमार की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। बच्ची बुधवार सुबह दूध लेने निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

Image

पटना में मासूम की हत्या, लोगों में गुस्सा और आक्रोश

Photo : iStock

Patna Murder Case: राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 10 साल की स्कूली छात्रा की निर्मम हत्या (minor girl killed) कर दी गई। मृतका की पहचान रौशनी कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामला बाईपास थाना क्षेत्र के सती चौड़ा इलाके का बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, रौशनी बुधवार की सुबह घर से दूध लेने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को अचानक बच्ची का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस मामले की कर रही जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ किसी तरह की गंभीर घटना हुई है। उसके सिर पर कई जगह चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया है, ताकि हर एंगल से जांच की जा सके। सिटी डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस को कई अहम सबूत मिले हैं और उन्हीं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों माहौल

वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध गतिविधियां, खासकर शराब का कारोबार, खुलेआम होता है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि नशे की स्थिति में भी कोई वारदात हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों माहौल है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने न्याय की मांग की है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की अपील की है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article