पटना

Patna Metro: पटना मेट्रो का ट्रायल रन जारी, 15 अगस्त से पहली बार रफ्तार भरेगी ट्रेन

पटना में 15 अगस्त से मेट्रो सेवाएं शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके तहत 20 जुलाई को तीन कोच वाली मेट्रो रैक पुणे से पटना लाई गई। डिपो में बैटरी चालित इंजन से ट्रायल रन किया जा रहा है, जिसमें अभी तक कोई तकनीकी खामी सामने नहीं आई है।

Image

पटना मेट्रो का ट्रायल रन शुरू (AI Image)

Patna Metro: पटना में मेट्रो सेवा शुरू होने का सपना अब हकीकत बनने के करीब है। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर में परिचालन शुरू करने की तैयारी जोरों पर चल रही है। इसके लिए मेट्रो रैक पटना पहुंच चुकी है और ट्रायल रन भी जारी है। अभी बैटरी से संचालित छोटे इंजन से ट्रायल किया जा रहा है, जल्द ही इलेक्ट्रिसिटी से ट्रायल रन किया जाएगा।

बारिश से ट्रायल रन पर हल्का प्रभाव

पुणे में टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड कंपनी मेट्रो कोच का निर्माण कर रही है। 20 जुलाई को तीन कोच वाली मेट्रो रैक को पुणे से पटना लाया गया है। फिलहाल डिपो में तकनीकी टीम की देखरेख में ट्रायल रन किया जा रहा है। इस दौरान कोच को बैटरी से संचालित छोटे इंजन की मदद से चलाया जा रहा है ताकि तकनीकी खामियों की जांच की जा सके। अब तक कोई समस्या सामने नहीं आई है। हालांकि हाल की बारिश ने ट्रायल रन को कुछ हद तक प्रभावित किया है।

एक कोट में 300 यात्रियों की क्षमता

सूत्रों के अनुसार न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से डिपो को जोड़ने वाली लाइन पर कुछ कार्य अभी बचा हुआ है। बिजली आपूर्ति का काम भी तेजी से चल रहा है। काम पूरा होने के बाद मेट्रो का बिजली आधारित ट्रायल शुरू किया जाएगा। पटना मेट्रो में एक कोच में करीब 300 यात्रियों की क्षमता होगी। प्राथमिक कॉरिडोर में कुल पांच स्टेशन होंगे। ये मेट्रो स्टेशन न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकरी हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article