पटना

बारिश से हारी तैयारी सारी, सड़क से लेकर उपमुख्यमंत्री के घर तक पानी से लबालब भरे, CM नीतीश कुमार का दौरा रद्द

पटना में रविवार रात से हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक की समस्या हुई और रेल व हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मुख्यमंत्री को अपना कटिहार दौरा रद्द करना पड़ा।

Image

भारी बारिश से पानी-पानी हुआ पटना (फोटो - ANI वीडियो ग्रैब)

Photo : ANI

बिहार में पिछले कुछ दिनों से बादल जैसे रूठ गए थे। लेकिन राज्य में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। काल यानी रविवार 27 जुलाई की रात से जारी मूसलाधार बारिश ने राजधानी पटना को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया। सड़कों से लेकर रेलवे पटरियों तक, हर जगह पानी भर गया। राजधानी के अटल पथ, गोविंद मित्रा रोड, कंकरबाग और राजेंद्र नगर जैसे इलाकों में जलजमाव ने जनजीवन प्रभावित हुआ।

CM का दौरा रद्द, उपमुख्यमंत्री के घर में भरा पानी

भारी बारिश के चलते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी अपना कटिहार दौरा रद्द करना पड़ गया। मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के तहत योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए कटिहार जाने वाले थे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आवास में भी पानी भर गया, जिससे प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे।

हवाई और रेल यातायात प्रभावित

पटना एयरपोर्ट पर आधा दर्जन से अधिक उड़ानों में देरी हुई, वहीं दिल्ली से आ रही एक फ्लाइट को दो बार लैंडिंग के लिए चक्कर लगाने पड़े। रेलवे स्टेशन पर पटरियों के बीच पानी भर जाने से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।

पटना नगर निगम के कर्मचारी जल निकासी में जुटे हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर नजर आ रही है। कुछ इलाकों में पंप लगाए गए हैं, फिर भी आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर ऑफिस जाने वालों तक, हर कोई इस जलजमाव से परेशान रहा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article