पटना

बहन से अवैध संबंध के शक में भाईयों ने युवक की हत्या की, पुलिस ने बताया प्रेम प्रसंग

पटना में 32 वर्षीय एक व्यक्ति कुछ दिन पहले एक लड़की के साथ गलत काम करते हुए पकड़ा गया था। आज यानी शुक्रवार 12 जुलाई को उसकी सुबह-सुबह हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसी लड़की के भाईयों पर है। पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग बता रही है।

Image

पटना में युवक की गोली मारकर हत्या

Photo : Times Now Digital

पटना : प्रेम और अवैध संबंधों ने बिहार के पटना जिले में एक व्यक्ति की जान ले ली। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे अवैध संबंध में हत्या का मामला बता रही है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह दोघरा गांव के रहने वाले रामाधार यादव के पुत्र अंजित कुमार (32) की गांव में ही अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जाता है मृतक सुबह खेत की ओर चारा काटने गया था तभी बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही इनकी मौत हो गई। दानापुर (दो) के पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार मिश्रा ने घटना के संबंध में बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।

उन्होंने बताया कि अंजित कुमार की हत्या का आरोप गांव के ही जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार और अन्य पर लगाया गया है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले मृतक आरोपियों की बहन के साथ गलत काम करते पकड़ा गया था। आशंका है कि इसी के बदले की कार्रवाई के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि, पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है तथा सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

- आईएएनएस

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें