पटना : बिहार की राजधानी पटना को देश के पहले टू लेन डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर की सैगात मिलने वाली है। यह डबल डेकर एलिवेटेड फ्लाईओवर पटना के मशहूर गांधी मैदान से PMCH होते हुए अशोक राजपथ, साइंस कॉलेज और एनआईटी को जोड़ेगा।
इस अनोखे फ्लाईओवर से गांधी मैदान से अशोक राजपथ वाले रास्ते में मिलने वाले जाम से लोगों को स्थाई निजात मिल जाएगी। यह डबल डेकर फ्लाइओवर पटना े लिए ट्रैफिक का सीधा समाधान साबित होगा। इस परियोजना पर कुल 422 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 15 जनवरी, 2022 को इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था और 31 मई, 2025 को कार्य पूरा हो चुका है।
डबल डेकर फ्लाईओवर की खास बात
इस डबल डेकर फ्लाईओवर के ऊपरी डेक की कुल लंबाई 2175.50 मीटर है, जो कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक जाती है। वहीं, निचले डेक की कुल लंबाई 1449.30 मीटर है और यह पटना कॉलेज से गांधी मैदान को जोड़ती है। इसकी यातायात की दिशा साइंस कॉलेज से गांधी मैदान की ओर होगी।
इस डबल डेकर ब्रिज से न सिर्फ अशोक राजपथ जैसे व्यस्तम मार्गों में लोगों को जाम से निजात मिलेगी, बल्कि इसे गांधी मैदान से कृष्णा घाट और गंगा पथ से भी जोड़ा गया है। यह कॉरिडोर गायघाट, पटना सिटी और कच्ची दरगाह तक की पहुंच को भी सुगम बनाएगा। आने वाले दिनों में पीएमसीएच के मल्टी लेवल कार पार्किंग से भी इसे कनेक्ट किया जाएगा।
