बिहार के गया जी और अयोध्या के बीच नमो भारत रैपिड ट्रेन जल्द ही शुरू होने वाली है। यह ट्रेन यात्रियों को आरामदायक और किफायती यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी। 408 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन का उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाना और यात्रा के समय को कम करना है। इसका परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा, जबकि रविवार को सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
गया जी से ट्रेन सुबह 5:00 बजे रवाना होगी और 11:00 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में यह शाम 5:00 बजे अयोध्या से प्रस्थान कर रात 11:00 बजे गया जी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में 16 वातानुकूलित कोच होंगे, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा। इसका ठहराव रफीगंज, सासाराम, डीडीयू, काशी, वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर और गोशाईगंज स्टेशनों पर होगा।
अनारक्षित टिकट का दाम 500 रुपये
अनारक्षित टिकट की कीमत लगभग 500 रुपये रहने की संभावना है, और इसकी अधिकतम गति 130 किमी प्रति घंटे होगी। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस ट्रेन को तीन प्रमुख तीर्थ स्थलों को जोड़ने का सराहनीय निर्णय बताया है। ग्रैंड कार्ड पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन ने भी इस पहल की सराहना की, यह कहते हुए कि गया जी, काशी और अयोध्या के बीच रेल संपर्क अत्यंत आवश्यक था।
