Buxar Murder: बक्सर जिले के ब्रम्हपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबू डेरा गांव में अपराधियों की एक करतूत सामने आई है। बीती शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने खेत में सोए किसान राहुल उर्फ लालू यादव की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
खेत में मिला युवक का शव
मृतक के परिजनों ने बताया कि खेत में पानी छोड़ा गया था, लालू यादव खाना खाने के बाद देर रात खेत पर बोरिंग की देखभाल करने के लिए गया। जब सुबह वह घर नहीं लौटा तो उसके भाई ने खेत पर जाकर देखा, जहां उसका शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
इलाके में दहशत का माहौल
हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब किसान भी अपने खेतों में सुरक्षित नहीं रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की चुप्पी सवालों के घेरे में
घटना के बाद पुलिस अभी तक अपराधियों का सुराग लगाने में विफल है। डुमरांव DSP से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने भी बयान देने से इनकार कर दिया। लगातार हो रही वारदातों और पुलिस की लाचारी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करेंगे।
