Khan Sir Reception: सोमवार को मशहूर कोचिंग टीचर खान सर की पटना में रिसेप्शन पार्टी हुई। इसमें राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी भाग लिया। इस मौके पर खान सर ने तेजस्वी यादव से ही अपने शादी के मॉडल को उनकी शादी से प्रेरित बताया। भारत पाकिस्तान के बीच चल रहे विवाद के बीच खान सर की शादी एएस खान नाम की महिला से हुई। जिसकी जानकारी उन्होंने अपने छात्रों को दी और रिसेप्शन पार्टी की तारीखें भी बताईं। पहली रिसेप्शन पार्टी 2 जून यानी सोमवार को थी और दूसरी रिसेप्शन पार्टी 6 जून को है।
इस रिसेप्शन पार्टी में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, तेजस्वी यादव समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक और कई VIP शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने खान सर से उनकी शादी के बारे में पूछा, जिसके जवाब में खान सर ने बताया कि उनकी शादी में केवल 12-13 लोग शामिल थे और उन्होंने तेजस्वी यादव की शादी के मॉडल को अपनाया है।
रिसेप्शन का आयोजन पटना के सगुना मोड़ पर एक मैरिज हॉल में किया गया। इसमें शिक्षा विभाग के कई बड़े अधिकारी और अन्य मेहमान शामिल हुए। सभी ने खान सर को शादी की बधाई दी और नए जोड़े को आशीर्वाद दिया। खान सर, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया के निवासी हैं, 2019 से पटना में कोचिंग पढ़ा रहे हैं और कोरोना लॉकडाउन के दौरान उनके यूट्यूब चैनल ने उन्हें पहचान दिलाई। वे अपने पढ़ाने के दौरान राजनीतिक और सामाजिक टिप्पणियों के लिए भी जाने जाते हैं, जो अक्सर वायरल हो जाती हैं। खान सर के रिसेप्शन का फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
