Patna Police: पटना शहर में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा है। हत्या जैसे संगीन अपराध को धड़ल्ले से अंजाम दिया जा रहा है। एक ही दिन में दो अलग-अलग क्षेत्र में एक-एक युवक की हत्या कर दी गई है। वहीं, एक ठेकेदार की हत्या का प्रयास किया गया है। पहला मामला पुनपुन नगर मुख्यालय के घाट हॉल्ट के पास का है। यहां गला दबाकर एक युवक की हत्या कर दी गई है। उसके बाद शव को पानी से भरे गड्डे में फेंक दिया गया। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन लोगों ने कॉल करके पुलिस को सूचना दी। शव की शिनाख्त जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अथपा गांव में रहने वाले जय किशन साव के बेटे चीकू कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया है। वहीं, मृत चीकू के पिता ने पुनपुन थाने में पुनपुन बाजार निवासी गुड्डू कुमार और तीन-चार अज्ञात लड़कों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई है। युवक के पिता का कहना है कि, पुनपुन बाजार निवासी गुड्डू कुमार के साथ चीकू की किसी बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। तब गुड्डू ने चीकू को जान से मारने तक की धमकी दी थी।
