पटना

पूर्णिया में इंसानियत हुई शर्मसार; अंधविश्वास के घेरे में परिवार को पीट-पीटकर जिंदा जलाया

पूर्णिया जिले के टेटगामा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां डायन बताकर एक ही परिवार के पांच लोगों को पीट-पीटकर जिंदा जला दिया गया। यह भयावह हत्याकांड झाड़-फूंक के शक और अंधविश्वास की वजह से हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

पूर्णिया में पांच लोगों को जलाया गया जिंदा

Photo : Times Now Digital

Purnina Murder: पूर्णिया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टेटगामा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों को पीट-पीटकर जिंदा जला दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव के रामदेव उरांव के बेटे की कुछ दिन पहले झाड़-फूंक और इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसके बाद दूसरे बेटे की तबीयत भी बिगड़ने लगी। इस पर गांव के कुछ लोगों ने मौत की वजह डायन बताया और आरोप में एक ही परिवार को निशाना बना लिया।

आरोप है कि डायन बताकर भीड़ ने बाबूलाल उरांव, सीता देवी, मनजीत उरांव, रनिया देवी और तपतो मोसमत की बेरहमी से हत्या कर दी। ये सभी एक ही परिवार से थे। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और कई लोग अपने घर छोड़कर चले गए हैं। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम जांच में जुटी है।

भीड़ ने बुरी तरह पीटा

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें एक नकुल कुमार शामिल है। उस पर आरोप है कि उसने भीड़ को उकसाया और घटना को अंजाम देने में भूमिका निभाई। परिवार के एकमात्र जीवित सदस्य ललित ने बताया कि भीड़ ने उनके पूरे परिवार को पहले बुरी तरह पीटा, फिर जिंदा जलाकर शवों को पानी में फेंक दिया। ललित ने किसी तरह जान बचाकर भागने में कामयाबी पाई।

पूर्णिया सदर एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्त में लिया जा सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article