Bihar Crime: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक भाई ने अपनी ही सगे भाई की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि यह घटना जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के देवधा गांव की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते हुए हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
भाई ने की भाई की हत्या
पुलिस ने मृतक की पहचान दिलीप सहनी के रूप में की है। उन्होंने यह भी बताया कि दिलीप हाल ही में शराब के मामले में जेल से बाहर आया था। शराब की इस लत के कारण परिवार ने उसे दूर कर दिया था। पुलिस की जांच में पता लगा की दोनों भाईयों के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ, जिसके बाद यह मारपीट में बदल गया। दिलीप के भाई ने उसका गला दबाया, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
लेनदेन को लेकर होता था विवाद
मृतक दिलीप सहनी की पत्नी पूजा देवी ने इस मामले में अपनी सास और देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट से ही मामले का सही तौर पर खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा हुआ है। पूजा देवी ने कहा कि उसके पति, देवर और सास के बीच पूर्व के लेनदेन को लेकर विवाद होता था। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और एसएफएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटनास्थल से रक्त के नमूने भी लिए गए हैं।
